कलायत। बात्ता गांव स्थित जलघर में डूबने से एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय विपिन के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बराल गांव का निवासी था। विपिन पिछले दो माह से बाबा राजपुरी डेरे में काम कर रहा था। डेरा महंत बाबा नरेश ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे विपिन खेत से गांव की ओर लौट रहा था। जलघर के पास पगडंडी पर उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। अत्यधिक गहराई के कारण वह बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही महंत व ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई और शव निकालने के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतक विपिन अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बेटों को छोड़ गया है। कलायत थाना प्रभारी रामनिवास शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव के पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। संवाद