कैथल। राजकीय विद्यालय ग्योंग में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के तीसरे दिन विभिन्न सामाजिक और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज सेवा, स्वच्छता और अनुशासन का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर भी जागरूकता संदेश दिए। शिविर के दौरान अनूप धीमान ने विद्यार्थियों को समाज सेवा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए प्रेरित किया गया।