संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका, कैथल। नशा मुक्त हरियाणा मुहिम के तहत पुलिस टीमों ने बुधवार को गुहला व कैथल खंड के गांवों में लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक कर इससे दूर रहने का संदेश दिया।
इस टीम में एसआई कर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही किस्मत, एसपीओ राजपाल व एसपीओ प्रदीप कुमार शामिल रहे। टीम ने चीका क्षेत्र केअजीमगढ, शादीपुर और कैथल के मानस व माघोमाजरी गांव के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में अवगत करवाया।
एसपी आस्था मोदी ने बताया कि यह टीम गांव गांव जाकर हर दिन कार्यक्रम कर रही है। आमजन भी इस मुहिम में पुलिस का साथ दे रहे है तथा पुलिस की इस कल्याणकारी मुहिम की प्रशंसा कर रहे है। नशा एक सामाजिक बुराई है, जो नशा किसी के लिए भी हितकारी नहीं हो सकता। नशे की लत में पड़ गया व्यक्ति अपने दृढ संकल्प से इस बुराई को छोड़ सकता है। पुलिस की ओर से जहां पर नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है, वहीं पर पुलिस द्वारा नशे के आदी व्यक्ति का नशा छुडवाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की ओर से जिले में नशे से पीड़ित व्यक्तियों की काउंसलिंग करवाई जा रही है।
एसपी ने कहा कि युवावर्ग को भी खेल या अन्य गतिविधि में बेहतरीन कार्य करके अपने माता पिता, गांव समाज का नाम रोशन करना चाहिए। नशा मुक्त व अपराध मुक्त समाज की स्थापना के लिए हम सभी को मिलकर कदम उठाने होंगे। पुलिस मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है। लोगों में नशा के खिलाफ जागरूकता पैदा करने व इसकी शत प्रतिशत सफलता के लिए जन सहयोग अति आवश्यक है।