कैथल। जिले के गांव गढ़ी नजीर में 45 वर्षीय महिला ने भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर जान दे दी। महिला 45 वर्षीय रमनदीप कौर पंजाब के पटियाला जिले के गांव सोंधेवाल की रहने वाली थी। महिला मानसिक रूप से परेशान थी और इसी कारण उसने नहर में कूदने का कदम उठाया। घटना के तुरंत बाद आसपास के किसान जब नहर के किनारे पहुंचे, तो उन्होंने महिला का शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचित किया। माैके पर पहुंची पुलिस टीम ने गोताखोरों की मदद से महिला का शव नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतका के भाई मंगा सिंह की शिकायत पर इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मंगा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनकी बहन मानसिक रूप से परेशान थी। 27 फरवरी की रात वह घर से चली गई और नहर में छलांग लगा दी। शव नहर के पास किसानों की ओर से देखे जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। महमूदपुर चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतका के शव को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।