संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। सीवन नगर पालिका के चुनाव का बिगुल बज चुका है और लोगों में इस चुनाव को लेकर उत्सुकता चरम पर है। इसके लिए वोटर लिस्ट भी फाइनल हो चुकी है और उसका प्रकाशन भी हो चुका है। इस बार सीवन नगर के कुल 14 हजार 882 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल नगरपालिका के पहले चुनाव के लिए करेंगे। इसके लिए कुल 16 वार्ड बनाए गए हैं। सबसे अधिक मतदाता वार्ड नंबर 10 में 1445 हैं और सबसे कम मतदाता वार्ड नंबर 16 में 348 हैं।
हाल ही में अध्यक्ष पद के लिए निकला ड्रा यह सीट ओपन वर्ग की महिला के हिस्से में लेकर आया है। ओपन वर्ग में किसी भी जाति या समुदाय की महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ सकती है।
इस ड्रा के बाद समीकरण बदल गए हैं। बहुत से पुरुष चेहरे जो खुद को नगरपालिका चेयरमैन पद का दावेदार बता रहे थे उन्होंने अपनी पत्नी के नाम के बैनर भी छपवा दिए हैं। शहर की हर गली, चौराहे और नुक्कड़ पर चुनाव की चर्चाएं जोरों पर हैं।
लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि इस बार कौन-कौन से चेहरे मैदान में उतरेंगे और कौन सी महिला जनता का भरोसा जीतने में कामयाब होगी।
नगर पालिका सीवन के सचिव दीपक ने बताया कि अब वार्ड के पार्षदों के लिए भी ड्रा निकल गया है और वार्ड के आरक्षण की सूची भी सामने आ गई है। लोग अब उस सूची के अनुसार अपनी या अपने परिवार में से किसी अन्य की दावेदारी पेश कर रहे हैं।
सीवन में आरक्षण की स्थिति
वार्ड-एक
सामान्य श्रेणी
वार्ड-दो
पिछड़ा वर्ग ए
वार्ड-तीन
सामान्य महिला
वार्ड-चार
अनुसूचित जाति महिला
वार्ड-पांच
अनुसूचित जाति
वार्ड-छह
अनुसूचित जाति
वार्ड-सात
अनुसूचित जाति महिला
वार्ड-आठ
अनुसूचित जाति
वार्ड-नौ
सामान्य श्रेणी
वार्ड-10
पिछड़ा वर्ग ए महिला
वार्ड-11
पिछड़ा वर्ग बी महिला
वार्ड-12
सामान्य श्रेणी
वार्ड-13
सामान्य श्रेणी
वार्ड-14
सामान्य श्रेणी
वार्ड-15
सामान्य श्रेणी
वार्ड-16
सामान्य श्रेणी महिला