कैथल। मोहना गांव में एनएच 152 डी के पास पांच-छह नकाबपोश आरोपियों ने कार सवार दो युवकों पर जानलेवा हमला कर उनसे 23 हजार रुपये नकदी व सोने की चेन लूटकर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फतेहपुर गांव निवासी आकाश ने पूंडरी थाना में शिकायत दी कि वह और उसका दोस्त सौरव 19 मई को दोपहर करीब एक बजे गांव से पानीपत अपने किसी रिश्तेदार के घर जा रहे थे। उन्होंने करनाल रोड मोहना गांव में एनएच 152 डी से पहले पेट्रोल पंप पर तेल डलवाया व पंप पर ही बैंक कार्ड स्वैप करके 23 हजार रुपये नकदी ली। जब वे जाने लगे तो तभी पांच-छह अनजान लोग मुंह पर कपड़ा बांध कर हाथ में लाठी, गंडासी लेकर उनकी गाड़ी के सामने आ गए।
आकाश ने बताया कि आरोपियों ने गाड़ी के शीशे पर लठ मारकर उसे तोड़ दिया और उन दोनों पर लाठी, गंडासी व ईंट से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी उनसे गले में डाली हुई सोने की चेन व 23 हजार रुपये लूट कर ले गए। एसआई महीपाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।