संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। राजौंद में कॉलेज की निर्माण प्रक्रिया के तहत असंध रोड पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के स्थान पर कॉलेज की निशानदेही का कार्य शुरू करवाया गया। दोपहर बाद जन स्वास्थ्य विभाग व शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार व कानूनगो मौके पर पहुंचे।
शिक्षा विभाग से राजकीय महाविद्यालय कलायत के प्राचार्य राजेश सैनी ने बताया कि उन्हें शिक्षा विभाग की तरफ से कॉलेज के स्थान की निशानदेही करवाने के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इसका कार्य शुरू कर दिया है। जल्दी आगामी कॉलेज के निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पांच एकड़ जमीन पर कॉलेज बनेगा। बाकी बची पौने दो एकड़ में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा।
इस मौके पर जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता राहुल कैरों ने बताया कि उन्होंने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए निशानदेही का कार्य पूरा करवा लिया है। जन स्वास्थ्य विभाग की यहां चार एकड़ जमीन थी। इसमें से दो एकड़ कॉलेज के लिए पास कर दी है और शेष पौने दो एकड़ में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य शुरू कराया जाना है। कानूनगो ने बताया कि निशानदेही का कार्य नायब तहसीलदार सुरेश कुमार की मौजूदगी में लगभग पूरा कर लिया गया। उन्होंने बताया कि इसकी पूरी रिपोर्ट बनाकर संबंधित विभाग को दे दी है।
इस दौरान भारी संख्या में संघर्ष समिति व नगर के लोग वहां पहुंचे। उन्होंने सांसद नवीन जिंदल का आभार जताते हुए कहा कि उनकी मांग पूरे होने पर उन्हें बहुत खुशी है और कॉलेज यहां बनने पर छात्राओं को शिक्षा ग्रहण करने में भी दिक्कत नहीं आएगी। वहीं, सभी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार प्रकट किया। संघर्ष समिति के प्रधान राकेश राणा, प्रवक्ता काका राणा, जयपाल राणा, मुकेश एडवोकेट,सुभाष रंगा, सुरेश कुमार, जसवंत सिंह, नरेंद्र कोच, भीम शर्मा सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
दिल्ली रोड स्थित सूर्या पैलेस में आयोजित कथा में मौजूद श्रद्धालु- फोटो : संवाद