कलायत अनाज मंडी में खरीद व्यवस्था की जांच करते सांसद नवीन जिंदल
कलायत। सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया 31वां संशोधन बिल पास ना होना विपक्ष की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पूरे विपक्ष ने एकजुट होकर देश की करोड़ों महिलाओं के अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इरादे इतने मजबूत हैं कि इस बिल को दोबारा प्रस्तुत करके महिलाओं को उनका सम्मान हर हाल में दिलाया जाएगा। सांसद कलायत अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने मंडी में किसानों से बातचीत करके गेहूं खरीद प्रबंधों का जायजा लिया।
सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि मंडियों में पारदर्शिता लाने के लिए बायोमीट्रिक सिस्टम सहित कई नई व्यवस्थाएं लागू की गई है। इसका उद्देश्य यही है कि सरकार किसानों के हित में जो योजनाएं लेकर आ रही है। उनमें कोई भ्रष्टाचार ना हो और सीधा लाभ किसानों को मिले। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में आई क्रांति के कारण पैदावार लगातार बढ़ती जा रही है। तकनीकी खेती और उन्नत बीजों से फसल की पैदावार अधिक हो रही है। ऐसे में मंडियों में जगह कम पड़ रही है। उन्होंने कहा कि वे विदेशों में फसलों के प्रबंधन के बारे में जानकारी हासिल करेंगे ताकि यहां भी इसी तरह की छोटी-छोटी व्यवस्थाएं लागू करके फसल को स्टोर करके खराब होने से बचाया जा सके। सांसद ने कहा कि जहां-जहां स्टेडियम हैं। उनकी पहचान करके रिपोर्ट तैयार की जाएगी ताकि इन स्टेडियमों को खिलाडिय़ों के खेलने लायक बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने का एकमात्र जरिया केवल खेल हैं। इसके साथ-साथ उन्होंने यह भी बताया कि दिशा मीटिंग में अधिकारियों को जो टारगेट दिया जाता है। अगली बैठक में वे स्वयं इसकी समीक्षा लेते हैं। यदि कोई अधिकारी गुमराह करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि कुछ लोग किसानों को भ्रमित करके माहौल खराब करना चाहते हैं । उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल और केवल किसान और उसके हित है । इस मौके पर तुषार ढांडा, राजकिशन राणा मार्किट कमेटी चैयरमेन कलायत, अंकित राणा नगरपालिका चैयरमेन कलायत, सचिन प्रतिनिधि चैयरमेन नगरपालिका राजौंद, विरेन्द्र राविश मार्किट कमेटी चैयरमेन राजौंद, राजीव राणा मण्डल अध्यक्ष कलायत, नरेंद्र जुलानी खेड़ा मंडल अध्यक्ष बालू, अनिल मलिक मंडल अध्यक्ष जाखौली, नरेश ढांडा किठाना, मैनपाल राणा, राकेश कंसल, सरपंच अशोक रामगढ, कुड़ा राम, कुलविंदर राणा जिला उपाध्यक्ष भाजपा, राहुल राणा, जयदीप राणा उपस्थित रहे। संवाद