संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय, फतेहपुर-पूंडरी में आयोजित दो दिवसीय 39वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का बुधवार को समापन हो गया। कार्यक्रम में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा मानसी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
समारोह में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय की निदेशक प्रो. मंजुला चौधरी मुख्य अतिथि रहीं, जबकि अध्यक्षता प्रबंधक समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक तेजवीर सिंह ने की।
मुख्य अतिथि प्रो. मंजुला चौधरी ने छात्राओं को कॅरिअर के अवसरों की जानकारी देते हुए बताया कि स्नातक के बाद वे एनएटीएस पोर्टल के माध्यम से अप्रेंटिसशिप के लिए आवेदन कर सकती हैं, जिसमें प्रमाणपत्र के साथ 9 से 12 हजार रुपये तक का स्टाइपेंड मिलता है। उन्होंने पीएम इंटर्नशिप पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी। प्रबंधक समिति के अध्यक्ष तेजवीर सिंह ने प्राचार्या, स्टाफ और छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शकुंतला ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 बैच की सोनाली ने अर्थशास्त्र में 99.6 पर्सेंटाइल के साथ जेआरएफ प्राप्त किया, वर्ष 2025 की वर्षा ने राजनीति शास्त्र में नेट उत्तीर्ण किया, जबकि बीसीए की छात्रा अनु ने भी नेट परीक्षा पास की। इसके अलावा पूर्व छात्रा पिंकी का चयन रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स में हुआ है।
कार्यक्रम में शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। खेल प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रेमलता ने बताया कि एथलेटिक मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मानसी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का अवार्ड दिया गया।