कैथल। आढ़ती मनीष मित्तल हत्याकांड में कार्रवाई न होने पर गुस्साए शहर के व्यापारी वर्ग ने जींद रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में एकत्रित होकर रोष प्रकट किया। व्यापारी इस दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर जमकर बरसे तथा फैसला लिया गया कि शीघ्र ही व्यापारी मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलेंगे।
उसे शहीद का दर्जा देने सहित अन्य मांगें पूरी करने के लिए आग्रह किया जाएगा। साथ ही बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए मनीष को शहीद का दर्जा देने के साथ उसकी याद में शहर की मुख्य सड़क पर शहीद मनीष स्मारक बनाने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा सरकार से मनीष को शहीद का दर्जा देने, परिजन को सरकारी नौकरी, हत्यारे की गिरफ्तारी व 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग भी की जाएगी। साथ ही सीएम से मिलकर 15 दिनों में ये मांगेें पूरी करने की मांग की जाएगी। यदि तय अवधि में उनकी मांगों को नहीं माना गया तो इस मामले में प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।
बैठक में भाजपा नेता सुरेश नौच ने कहा कि यह पुलिस के लिए बड़ी नाकामी है कि नौजवान की कुर्बानी के बावजूद पुलिस हत्यारे को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
इस घटना से समाज के लोगों में भय बढ़ता जा रहा है। जल्द से जल्द प्रशासन व सरकार को सख्त कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोमवार को पुलिस के उच्चाधिकारियों से भी समाज के लोगों द्वारा मिलकर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
मनीष के पिता नरेश मित्तल एवं मामा नरेश बंसल ने भी रोष प्रकट किया तथा कहा कि सरकार मनीष की शहादत को बेकार न जाने तथा उसे शहीद का दर्जा देने के साथ-साथ पुलिस हत्यारे को गिरफ्तार करे। उन्हें अभी तक केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं, जबकि कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हो रहा। अब तक जितने भी नेता आए, सभी केवल आश्वासन देकर चले गए।
बैठक को नप चेयरमैन रामनिवास मित्तल, पार्षद बसंत जैन, पंजाबी सभा प्रधान इंद्रजीत सरदाना, प्रदर्शन परूथी, पुरानी मंडी प्रधान श्याम बहादुर खुरानिया, समाजसेवी अश्वनी हृतवाल, मुकेश जैन, जगदीश अग्रवाल, ईश्वर मित्तल, धर्मपाल छौत ने भी संबोधित किया।