कैथल। शहर के जवाहर पार्क में शुक्रवार दोपहर के समय कुछ युवकों ने एक मनचले आशिक की डंडे से जमकर पिटाई कर दी। इस बीच मौका पाकर वह भाग निकला तो युवकों ने उसे दौड़ा लिया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक सभी जा चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पीटने वाला और डंडे खाने वाला दोनों युवक जिला जींद के सफीदों शहर के थे। जिस मनचले की पिटाई हुई, वह युवक की बहन को बार-बार फोन करके परेशान कर रहा था। समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। मनचले ने लड़की के भाई को फोन पर धमकी देकर कैथल के जवाहर पार्क में आने की बात कही। इस पर वह अपने कुछ रिश्तेदार युवकों को साथ लेकर पार्क में पहुंच गया। जैसे ही आशिक उसके सामने आया तो युवक ने उसे वहां से भागने तक जमकर पीटा। इस बीच पार्क में लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में पुलिस ने आने से पहले युवक भी अपने साथियों सहित वहां से भाग गया।
सिटी एसएचओ महेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक सभी वहां से भाग चुके थे। इस संबंध में किसी ने थाना में भी शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।