कैथल। जिले के गांव भागल में पैसों के लेनदेन के लिए एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया गया। वारदात में पीड़ित व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी शिकायत में गांव भागल निवासी सतबीर ने बताया कि उसका गांव के ही एक व्यक्ति के साथ पैसों का लेनदेन चल रहा था। इसी बात के लिए दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
आरोपी ने उस पर चाकू से वार कर दिया। हमले में चाकू सतबीर की बाजू पर लगा जिससे वह लहूलुहान हो गया। पीड़ित का आरोप है कि जब बीच-बचाव करने के लिए उसकी पत्नी आगे आई, तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की और सरेआम गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। चीका थाना प्रभारी प्रवीन के अनुसार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।