संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। गो सेवा को लेकर समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सीवन गोशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध संत छविराम दास महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को गाय माता की महत्ता पर विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि गाय समस्त सृष्टि का आधार है। इसके शरीर में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। संत ने भावुक होकर कहा कि जो व्यक्ति नि:स्वार्थ भाव से गोसेवा करता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में किसी चीज की कमी नहीं रहती।
उन्होंने युवाओं से विशेष आग्रह किया कि वे मोबाइल व भौतिक आकर्षण से हटकर गौशाला से जुड़ें और गायों की सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाएं। संत ने कहा कि जहां-जहां गो सेवा होती है, वहां स्वतः ही सुख-शांति व समृद्धि का वास होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति सप्ताह में एक बार गौशाला में आकर अपनी सामर्थ्यानुसार सेवा करें।
अंत में संत छविराम दास ने गोमाता की आरती कर समस्त क्षेत्र के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति के प्रधान सुरेश सरदाना राजू, गौशाला सेवा समिति के प्रधान नरेंद्र सैनी, पूर्व सरपंच विक्रम मंगला, मास्टर राजकुमार रहेजा, जीत कामरा, पूर्ण सैनी, सुरेश वधवा, चंद्रभान सैनी, राम रतन सैनी व जोगी सैनी उपस्थित रहे।