संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रामथली में 11 फरवरी की शाम छात्रों के दो गुटों के बीच हुए झगड़े में 17 वर्षीय किशोर नवराज की हत्या के मामले में थाना गुहला पुलिस ने मुख्य आरोपी लवप्रीत उर्फ लब्बी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर ईश्वर की टीम ने लवप्रीत की उम्र 18 वर्ष बताई है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि लवप्रीत और पक्की पिसौल निवासी विनीत के बीच स्कूल में वॉलीबॉल मैच खेलते समय विवाद हुआ था। मैच के दौरान कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद रामथली से लदाना चक्कू माइनर के पास हुए झगड़े में खरकां निवासी नवराज पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थाना गुहला में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक 4 नाबालिग सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी लवप्रीत को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
ये है मामला
जांच में यह भी सामने आया है कि वॉलीबॉल मैच हारने के बाद साथियों को कोल्ड ड्रिंक पिलाने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मैच के दौरान युवक नवजोत ने शर्त रखी थी कि जो टीम हारेगी, वह सभी साथियों को कोल्ड ड्रिंक पिलाएगी।
मृतक के दोस्त विनीत ने कोल्ड ड्रिंक पिलाने से इन्कार कर दिया, जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बाद में सभी युवक और किशोर अपने-अपने घर को चले गए। इसके बाद आरोपियों ने झगड़ा सुलझाने के बहाने विनीत को माइनर पर बुलाया। विनीत अपने साथ नवराज को भी ले गया। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने रंजिश के चलते झगड़ा कर नवराज पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हमले के दौरान दौरान विनीत घायल हो गया
था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।