संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सेक्टर 21 में डॉ. प्रतीक पर गोली मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में मुख्य आरोपी बुढ़ाखेड़ा निवासी जितेंद्र को पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हमला किया था। मामले में प्रयुक्त पिस्टल बरामद करने और आरोपी से पूछताछ के लिए अदालत से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में डॉ. प्रतीक की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उनके पिता ने बताया कि प्रतीक का ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई है, लेकिन वह अभी भी आईसीयू में भर्ती हैं।
डीएसपी मुख्यालय बीरभान ने बताया कि हुड्डा सेक्टर 19 कैथल निवासी गुलाब सिंह ने शिकायत की थी कि 14 सितंबर को शाम सात बजकर तीन मिनट पर उनके भतीजे प्रतीक को गोली मारी गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जितेंद्र पुत्र सुरजीत ने अपने परिवार के साथ मिलकर शत्रुता और पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किया।
एसपी आस्था मोदी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत आरोपी को पकड़ने के आदेश दिए। आदेशों के पालन में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी एसआई रमेश चंद और एसआई मुकेश कुमार की टीम ने बुढ़ाखेड़ा गांव से जितेंद्र को काबू कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों परिवारों के बीच पैसों को लेकर पुरानी रंजिश थी, जो इस हमले की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस ने बताया कि अन्य तीन
आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमों को लगाया गया है।