संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। भाजपा सदस्यता अभियान के तहत प्रदेश संयोजक एडवोकेट वेदपाल ने सीवन मंडल महिला मोर्चा की प्रधान कृष्णा देवी को 400 नए सदस्य बनाने के लिए सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने भी कृष्णा देवी के कार्य की सराहना की।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोडऩे का आग्रह किया। कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए एडवोकेट वेदपाल एवं पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान संगठन को मजबूत करने का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें समाज के सभी वर्गों को जोडऩे का प्रयास किया जाता है।
सदस्यता अभियान न केवल संख्या बढ़ाने का माध्यम है, बल्कि विचारधारा को समाज में फैलाने का भी साधन है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में लोगों से संपर्क करना चाहिए और उन्हें पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों के बारे में जागरूक करना चाहिए। इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रधान कृष्णा देवी ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे उन्होंने लोगों को जोड़ा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। अभियान के दौरान, समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं, जिससे पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। सदस्यता अभियान से कार्यकर्ताओं में जोश और ऊर्जा का संचार हो रहा है। यह अभियान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में सहायक है। सम्मान समारोह में उपस्थित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी सदस्यता बढ़ाने के लिए अपने प्रयास तेज करने का संकल्प लिया। इस मौके पर बाल कृष्ण मोरे, मेवा राम रसूलपुर, श्रीराम, सुरेंद्र पोलड़ व अन्य मौजूद रहे।