कैथल। प्रेम विवाह से खफा नाबालिग भाई की ओर से बहन की हत्या के मामले में आरोपी मां की गिरफ्तार से नाराज लोगों ने रविवार को क्योड़क में सर्वजातीय महापंचायत आयोजित की। इसमें क्योड़क सहित आस-पास के ग्रामीण शामिल हुए। महापंचायत में फैसला लिया गया कि यदि जल्द ही आरोपी मां को रिहा नहीं किया गया तो 20 अगस्त से ग्रामीण जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे। महापंचायत की अध्यक्षता राव सुरेंद्र सिंह ने की।
खुराना गांव के सरपंच राधा कृष्ण ने कहा कि मामले में क्योड़क के साथ उनके गांव की 36 बिरादरी मिलकर आंदोलन करेगी। यदि जल्द ही आरोपी की मां को रिहा नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। महापंचायत में कहा गया कि पुलिस और सरकार महिला के साथ नाजायज कर रही है। मामले में पुलिस का कहना है की जांच चल रही है, जबकि यह गांव के सम्मान का सवाल है। जिला परिषद के पूर्व पार्षद भाग सिंह खनौदा ने कहा कि यह गांव की इज्जत का सवाल है। बेकसूर महिला को पुलिस जान बूझकर परेशान कर रही है। करण सिंह खुराना ने कहा कि महापंचायत का फैसला सारे गांव को कबूल है। उनके गांव में युवा कल्याण समिति बनाई गई है। क्योड़क की पंचायत जो ड्यूटी लगाएगी युवा उसे जी जान से पूरा करेंगे। सभी बेटियों का सम्मान बराबर है। कुरुक्षेत्र गुर्जर धर्मशाला के पूर्व ओम प्रकाश राठी ने कहा कि पंचायत में सभी गांव के प्रमुख लोगों ने जेल भरो आंदोलन का फैसला किया है। सरपंच जसबीर ने बताया कि रविवार को हुई पंचायत में विभिन्न गांव के गणमान्य लोगों और सरपंचों ने हिस्सा लिया। बैठक में 20 अगस्त से जेल भरो आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया गया है। यह अकेले गांव क्योड़क का आंदोलन नहीं है, बल्कि पूरे इलाके का सामूहिक आंदोलन है। पुलिस को जल्द से जल्द आरोपी की मां को रिहा कर देना चाहिए। महापंचायत में सुरेश तहसीलदार, गांव दयोरा के सरपंच बीका, कठवाड़ के सरपंच जागर सिंह, गांव घोस के सरपंच सतीश, काकौत के सरपंच मिट्ठू, क्योड़क के पूर्व सरपंच रणबीर सिंह, पूर्व सरपंच मोहनलाल शर्मा, नरेश आर्य, अंकित पहलवान व डॉ. सोनू ने हिस्सा लिया।
नाबालिग भाई ने वीडियो वायरल कर ली थी हत्या की जिम्मेदारी
कैथल की नानकपुरी कॉलोनी निवासी युवक ने 24 फरवरी को क्योड़क निवासी एक युवती के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। प्रेम विवाह के बाद युवती अपने पति के साथ खुराना रोड पर नानकपुरी कॉलोनी में रह रही थी। इस दौरान 19 जून को लड़की के नाबालिग भाई ने बहन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। शोर सुनकर बहन की ननद और सास बाहर आई तो आरोपी ने उन दोनों को भी गोली मार दी। इसके बाद मौके से फरार हो गया। आरोपी ने इस घटना को अंजाम देने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर अपनी बहन की हत्या करने की जानकारी भी दी थी। फिर थाने में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। मामले में पुलिस ने साजिश के आरोप में नाबालिग की मां को भी गिरफ्तार किया है, जिसके विरोध में ग्रामीणों ने रविवार को महापंचायत आयोजित की।