कैथल। जिले के गांव रोहेड़ा की पैरा एथलीट माफी ने बेंगलुरु में आयोजित ओपन नेशनल पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। माफी की इस उपलब्धि पर गांव और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
माफी ने बताया कि 24 से 28 मई तक बेंगलुरु में आयोजित ओपन नेशनल प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया था। कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लगातार मेहनत, अभ्यास और अपने मार्गदर्शकों के सहयोग का परिणाम है।
माफी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच डॉ. सतनाम सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि कोच के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की बदौलत ही वह राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर पाई हैं। इसके अलावा उन्होंने सांसद नवीन जिंदल का भी आभार व्यक्त किया। माफी ने बताया कि नवीन जिंदल की ओर से उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है। इस सहयोग से उन्हें खेल की तैयारियों, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने में काफी मदद मिली है।
माफी ने कहा कि आर्थिक और सामाजिक सहयोग मिलने से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए और अधिक मेहनत कर पाते हैं। उन्होंने भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतने का संकल्प लिया है।
गांव रोहेड़ा के ग्रामीणों का कहना है कि माफी की सफलता क्षेत्र के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उनकी उपलब्धि से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।
पदक के साथ माफी। स्वयं