संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उज्बेकिस्तान में आयोजित एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 70+ किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिभाशाली बॉक्सर मानवी ने कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
पदक जीतकर कैथल लौटने पर चौधरी छोटूराम इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों, कोचों और खेल प्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनकी उपलब्धि पर स्टेडियम पहुंचने पर फूल-मालाओं और तालियों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर देव जिंदल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने मानवी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले की बेटियां आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ा रही हैं। उनकी सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह भी बढ़ेगा।
कार्यक्रम में जूडो कोच जोगिंदर और संदीप, हैंडबॉल कोच प्रशांत, वुशू कोच रीटा, नवीन खरता सहित मानवी के पिता और ताऊ भी मौजूद रहे। सभी ने मानवी की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राष्ट्रीय स्तर पर जीत चुकी हैं कई पदक
मानवी पिछले कई वर्षों से चौधरी छोटूराम इंडोर स्टेडियम, कैथल में लगातार कड़ी मेहनत कर रही हैं। इससे पहले भी वह राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं। कोच अमरजीत ने कहा कि मानवी की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। विश्वास जताया कि भविष्य में मानवी स्वर्ण पदक जीतेगी।