संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के जवाहर पार्क स्थित संगठन के कार्यालय में वीरवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ की जिला स्तरीय बैठक की गई। इसमें मांगों के संदर्भ में आवाज बुलंंद की गई। साथ ही कर्मचारी नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को कर्मचारी विरोधी बताकर निंदा भी की।
बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान गौरव टांक ने व संचालन जिला सचिव विक्की टांक ने किया। बैठक में कैथल ,चीका, सिवन, पूंडरी, राजौंद व कलायत के प्रधान-सचिव फायर व डोर टू डोर के कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में राज्य मुख्य संगठनकर्ता व एसकेएस के जिला प्रधान शिवचरण, जिला सचिव रामपाल शर्मा,फायर के राज्य प्रधान राजेंद्र सिणंद, एसकेएस के राज्य उप प्रधान जरनैल सिंह, संघ के केंद्रीय कमेटी सदस्य जयप्रकाश टीक, एसकेएस के जिला सलाहकार जयप्रकाश शास्त्री ने बताया कि लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और विपक्षी पार्टियों के लोकसभा उम्मीदवारों को कर्मचारियों के मांग मुद्दों का ज्ञापन सौंपते उनका रुख रवैया जानने की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की है।
कहा कि केंद्र व राज्य सरकार लगातार जनविरोधी नीतियों को लागू कर रही है। कहा कि निजीकरण पर रोक लगाने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करवाने, पुरानी पेंशन बहाल करने, वेतन विसंगतियां दूर करने, बिना किसी शर्त एक्सग्रेसिया पॉलिसी लागू करने व हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग करके खाली पदों पर स्थायी भर्ती करने आदि कर्मचारियों की मुख्य मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
बताया कि नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा राज्य स्तरीय आंदोलन करेगा और 13-14 जून को शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के नाम जिला पालिका आयुक्त को ज्ञापन दिया जाएगा। 20 जून को जिला स्तरीय प्रदर्शन करके उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देंगे ओर 23 व 24 जून को शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सुभाष सुधा को राज्य स्तरीय प्रतिनिधि मिलकर समझौते में मानी गई मांगों को लागू करने गुरुग्राम नगर निगम से हटाए गए 1386 कर्मचारियों की नौकरी बहाली की मांग करेगा। इस मौके पर सुरेश कुमार नोच, शमशेर सिंह, संदीप कुमार, कृष्ण कुमार, राजकुमार, ओम प्रकाश, राहुल कुमार आदि मौजूद रहे।