पुरानी गाड़ियों के स्पेयर पार्ट्स का काम करने वाले खनौरी पंजाब निवासी व्यापारी से गांव बाबा लदाना के नजदीक अज्ञात कार सवारों ने 10 लाख रुपये लूट लिये। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की है। खनौरी निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 16 नवंबर को उसके ड्राइवर बिंटू उर्फ बंटी के साथ गाड़ी में अपने रिश्तेदार विजय गोयल कैथल के पास आया था। विजय गोयल से वह 10 लाख रुपये उधार लेकर वापस रात को करीब 7.30 बजे कैथल से चला था। वह चालक के साथ वाली सीट पर बैठा था और पैसों को बैग सीट के नीचे रख दिया था। करीब 8 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी पार्वती ईंट भट्ठे के पास गांव बाबा लदाना पहुंची तो पीछे से सफेद रंग की गाड़ी आई। उक्त गाड़ी के चालक ने अपनी गाड़ी उनकी गाड़ी के आगे आकर रोक दी। गाड़ी में से 3 युवक उतरकर आए और उनमें से 2 युवकों के हाथ में पिस्तौल थी। आरोपियों ने आते ही उनकी गाड़ी की खिड़की खोलकर पिस्तौल उनके ऊपर तान दी और उनका पैसों का बैग एवं 2 मोबाइल छीनकर फरार हो गए। सदर थाना एसएचओ राजफूल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सीआईए-1 पुलिस कर रही है।