शहर अनाज मंडी में कांटा पर लाइन में खड़े गेहूं से भरे ट्रक। संवाद
अंबाला सिटी। अंबाला शहर की अनाज मंडी में उठान को समय पर पूरा करने के लिए एजेंसी की ओर से डीसी के आदेशों पर गेहूं को शेडों में लगाना तो शुरू कर दिया है, लेकिन इस प्रक्रिया में अधिक समय लग रहा है। आए दिन शेड से ट्रक गेहूं लोड करके दूसरे शेड में लगा रहे हैं, लेकिन इस दौरान ट्रक चालकों को घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। इस दौरान कुछ ट्रक चालकों की नंबर लगवाने को लेकर मामूली कहासुनी भी हो रही है।
गौरतलब है कि रविवार को भी ट्रक यूनियनों के ड्राइवर आपस में भिड़ गए थे। जिसमें दो युवक घायल भी हो गए। जानकारी के अनुसार डेराबस्सी यूनियन के ट्रक दिहाड़ी पर काम करते हैं तो अंबाला यूनियन के ट्रक प्रति चक्कर के आधार पर काम कर रहे हैं। इसी को लेकर कांटे पर नंबर लगवाने को लेकर विवाद हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को समझा दिया था। सोमवार को शहर नई अनाज मंडी स्थिति सामान्य देखने को मिली। -
एजेंसी के अधिकारियों का कहना है कि शेड के नीचे रखे गेहूं को स्पेशल ट्रेन के जरिये भेजा जाएगा। शेड के नीचे गेहूं का बरसात से भी बचाव किया जा सकेगा। एजेंसियों द्वारा अभी तक अंबाला शहर नई अनाज मंडी 90 प्रतिशत गेहूं का उठान किया जा चुका है। जबकि जिले भर के उठान को देखें तो अभी तक 95 प्रतिशत उठान किया जा चुका है। 24 लाख क्विंटल गेहूं में से 23 लाख क्विंटल गेहूं का उठान पूरा हो चुका है।
वर्जन
मंडियों में शेड के नीचे जो गेहूं रखा जा रहा है। उसे स्पेशल लगाकर भेजा जा रहा है। शेड के नीचे गेहूं को भी सुरक्षित रखा जा सकता है। शहर नई अनाज मंडी में दो शेडों में गेहूं की बोरियाें को रखा जा रहा है।
-अमित कुमार, डीएम हैफेड