हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी करने, कर्मचारियों से मारपीट व सरकार संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। ईएएसआई विक्रम सिंह ने चीका पुलिस को शिकायत दी कि उसकी वाटर कैनल पर बतौर चालक ड्यूटी लगी हुई है। 26 नवंबर को किसान आंदोलन को लेकर वह हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर गांव टटियाना में घग्गर पुल पर तैनात था। इस दौरान काफी लोग पंजाब की तरफ से ट्रैक्टर ट्रालियों में आए और वहां जाम लगा दिया। करीब 150-200 लोग हरियाणा की तरफ से आए जिनका नेतृत्व हरदीप सिंह बदसुई किसान नेता व उसका भाई, आम आदमी पार्टी नेता गुरमीत सिंह सीवन, जसपाल सिंह व अन्य लोग कर रहे थे। वे लोग ईंट पत्थर मारने लगे। कुछ लोग उसकी गाड़ी के ऊपर चढ़ गए। उन लोगों ने वाटर कैनल की गन व पाइप तोड़ दी और उसके साथ मारपीट की। दूसरे चालक शक्ति सिंह के साथ भी लोगों ने मारपीट की व गाड़ी के कैमरों को तोड़ दिया। इन लोगों ने कर्मचारियों पर पथराव किया व ट्रैक्टरों से बैरिके ड तोड़ दिया। नाका से 10 कुर्सियां, 10 गद्दे व चार मैट चोरी करके ले गए। साथ ही बिजली की तार काटकर ले गए। इन लोगों ने धारा 144 का उल्लंघन करके नाका तोड़ कर सरकारी गाड़ियो को नुकसान पहुंचाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर एएसआई केहर सिंह को मामले की जांच सौंपी है।