संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज में रविवार को भारतीय इतिहास संकलन समिति की जिला इकाई कैथल की सामान्य बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष इतिहासकार एवं साहित्यकार कमलेश शर्मा ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि आगामी तीन वर्षों के लिए कमलेश शर्मा ही जिला अध्यक्ष का दायित्व संभालेंगे और नई कार्यकारिणी का गठन करेंगे।
जिला इकाई के महासचिव डाॅ. जसमेर सिंह ने बताया कि बैठक में आगामी तीन वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर विचार-विमर्श किया।
बैठक में आगामी 25 अगस्त को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाली भारतीय इतिहास संकलन समिति की प्रांतीय सामान्य बैठक की तैयारियों को लेकर चर्चा की। जिला इकाई के सभी सदस्यों का इस प्रांतीय बैठक में भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक में सितंबर महीने में रांची में होने वाले राष्ट्रीय युवा महिला इतिहासकार सम्मेलन और अक्तूबर मास में गुवाहटी में होने वाले युवा इतिहासकार सम्मेलन की जानकारी दी। परिषद के युवा सदस्यों को इन राष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। डाॅ. जसमेर सिंह ने बताया कि मोहन लाल इतिहास संकलन समिति के नए आजीवन सदस्य बने हैं जबकि नसीब सिंह, डाॅ. निशान सिंह और अशोक कुमार ने इतिहास संकलन समिति की साधारण सदस्यता ग्रहण की।
बैठक में कमलेश शर्मा, डाॅ. जसमेर सिंह, डाॅ. अशोक अत्री, अशोक कुमार, डाॅ. आशा व ज्ञानचंद भल्ला आदि मौजूद थे।