संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। तितरम मोड़ पर मंगलवार की रात करीब ढाई बजे चार आरोपियों ने शराब ठेकेदार व उसके साथियों पर गोली चला दी। गोली एक साथी के कंधे पर लगी है। शराब ठेकेदार का कहना है कि गोली का निशाना वह था लेकिन वह बच गया। घायल साथी को सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। उधर, शिकायत के आधार पर पुलिस इस संबंध में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव नरड़ निवासी सुनील कुमार ने तितरम थाना में शिकायत दी कि वह शराब की ठेकेदारी करता है। उसने गांव सेगा का शराब का ठेका भी ले रखा है। 22 जुलाई को ठेके पर सेगा निवासी जम्मु, मनोज, मोनू सिसला व प्रदीप सिसमौर आए। इन चारों की सेल्समैन के साथ पहले भी कहासुनी हुई थी। इस पर जम्मु ने उसको फोन करके जान से मारने की धमकी दी थी। 23 जुलाई को रात करीब ढाई बजे वह उन चारों के खिलाफ शिकायत देने के लिए अपने साथ विशाल नरड, दिनेश खुराना रोड कैथल व प्यौदा रोड कैथल निवासी लव को साथ लेकर अपनी गाड़ी में तितरम थाना जा रहा था।
जब वे तितरम मोड़ के पास पहुंचे और गाड़ी रोकी तो चारों आरोपी डंडे व पिस्तौल लेकर उनके पास आ गए। उसको जान से मारने की धमकी देते हुए मोनू ने उसपर व विशाल पर पिस्तौल से तीन फायर किए। एक गोली विशाल उर्फ बिल्लू के कंधे में लगी। इसके बाद खुद को बचाते वे घायल साथी को लेकर किसी तरह सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचे। वहां डॉक्टर ने विशाल का प्राथमिक उपचार कर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से उन पर गोलियां चलाई गई हैं। मामले की शिकायत तितरम थाना पुलिस से की गई है। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।