गांव सिणंद में आठ आरोपियों ने मिलकर एक शराब ठेकेदार और उसके भाई पर गंडासी, डंडे और जेलियों से हमला कर घायल कर दिया। दोनों भाई ठेके की किस्त भरने के लिए पास के गांव जा रहे थे। आरोपी उन्हें तब तक पीटते रहे जब तक बेहोश नहीं हुए। इस संबंध में ठेकेदार ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कलायत थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव सिणंद निवासी सतीश कुमार ने बताया कि वह शराब की ठेकेदारी का काम करता है। गांव के ही सुनील व उसके पिता रामसिंह के साथ उनकी करीब 10 साल से रंजिश चल रही है। इस बारे में कई बार पंचायतें भी हो चुकी हैं। अब 21 जनवरी को वह और उसका छोटा भाई परमजीत मोटरसाइकिल पर ठेके की किस्त दो लाख 10 हजार रुपये भरने के लिए घर से गांव कुराड़ के लिए निकले थे।
स्कूल के पास रास्ता रोककर किया हमला
जब वे गांव के सरकारी स्कूल के पास वाली गली में पहुंचे तो एकदम सुनील, रामसिंह, सतीश, राजपाल, चरण सिंह, राजेश व अंकित अपने हाथों में जेली, गंडासी व डंडे लेकर आ गए और सभी ने मिलकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उन दोनों भाईयों पर हमला कर दिया। इससे वह काफी चोटें लगने से वहीं पर बेहोश हो गया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग एकत्रित हुए तो सभी आरोपी उनको जान से मारने की धमकी देते हुए अपने हथियारों सहित मौके से भाग गए। शिकायतकर्ता ने आरोपियों से जान का खतरा जताया है।
प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी
डीएसपी ललित ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लीहै। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई होगी।