गुहला-चीका। शिक्षा विभाग की तरफ से चलाए जा रहे मिशन बुनियाद चयन के लिए लेवल वन का परीक्षा परिणाम घोषित हो चुका है। अब आगामी 28 जनवरी को लेवल वन में पास हुए विद्यार्थी लेवल टू की परीक्षा में बैठेंगे। लेवल वन के लिए जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले आठवीं कक्षा के 3421 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, इनमें से 1182 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए है। उत्तीर्ण हुए छात्रों में 688 लड़कियां व 494 लडक़े पास हुए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी रामदिया गागट ने बताया कि लेवल टू के विभागीय निर्देशानुसार विद्यार्थी अपने साथ लेवल टू एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, दो पेन, पासपोर्ट साइज फोटो व पानी की बोतल साथ लेकर आएं। परीक्षा मिशन बुनियाद के तहत कक्षा नौवीं और 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से शिक्षा प्रदान की जाती है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बीच में एक स्वतंत्र, सकारात्मक और प्रतिस्पर्धी भावना को बढ़ाना है, ताकि वह अपने आगामी जीवन की चुनौतियों का सामना कर सके।
उन्होंने बताया कि जिले में पांच बुनियाद सेंटर राजकीय स्कूलों में चलाए जा रहे हैं। इन बुनियाद सेंटर पर 9वीं और 10वीं कक्षा की पढ़ाई के साथ साथ हरियाणा सुपर 100 प्रवेश परीक्षा की तैयारी भी करवाई जाती है, जिसमें विद्यार्थी को अपने साथ एडमिट कार्ड लेवल टू लेकर आना होता है। जिला विज्ञान विशेषज्ञ अनिल तंवर ने बताया कि चयनित विद्यार्थी मिशन बुनियाद सेंटर पर दो वर्ष के लिए पढ़ाई करेंगे। संवाद