संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। श्री भवानी मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन श्रीधाम वृंदावन से पधारीं भागवताचार्य पूज्या व्यास रश्मि मिश्रा ने सुदामा चरित्र, उद्धव संवाद, विष्णु सहस्त्रनाम और गोतर्पण की कथा सुनाई। उन्होंने कहा कि बुराइयों को त्याग कर सद्मार्ग पर चलना चाहिए।
इससे पूर्व कथा का शुभारंभ समाजसेवी नरेश शर्मा एवं वैद्य सत्यनारायण शर्मा ने ज्योति प्रज्वलित कर किया। मुख्य यजमान निर्मल-धर्मपाल शर्मा ने आरती उतारी।
रश्मि मिश्रा ने बताया कि जब उद्धव ज्ञान का संदेश लेकर गोपियों के पास पहुंचे, तो गोपियों ने कहा कि हे उद्धव! हमारे पास एक ही मन है। उसमें हमारा कृष्ण बसता है। इसमें और कोई ज्ञान कैसे समा सकता है। यह कहकर उन्होंने उद्धव को वापस लौटा दिया।
कथा में सुदामा चरित्र के प्रसंग सुनाकर उन्होंने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। तत्पश्चात विष्णु सहस्त्रनाम की महिमा का भी सुंदर वर्णन किया गया। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की झांकी के दर्शन किए।
श्री भवानी सेवा समिति के प्रधान कुलदीप माजरा ने बताया कि रविवार सुबह 8 बजे हवन होगा। इसके साथ ही कलश उठाने वाली महिलाओं को
देवी का आशीर्वाद स्वरूप कलश प्रदान किए जाएंगे।