कैथल। आरकेएसडी महाविद्यालय की एनएसएस यूनिट 34 व 35 के विद्यार्थियों ने जसवंती गांव स्थित उन्नत पॉलीहाउस का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर डॉ. अनिल जिंदल, डॉ. अनुकृति ढुल और अनीता मौजूद रहीं।
भ्रमण का उद्देश्य संरक्षित खेती की आधुनिक तकनीकों को समझना और किसानों की आय बढ़ाने में इसकी भूमिका का अध्ययन करना था। पॉलीहाउस संचालक सुरजीत सिंह व रवीन्द्र सिंह ने बताया कि यह पॉलीहाउस 10 एकड़ भूमि पर संचालित है, जहां नियंत्रित वातावरण में विभिन्न फसलें उगाई जाती हैं। विद्यार्थियों ने टमाटर, शिमला मिर्च और खीरे की उन्नत किस्मों का अवलोकन किया। किसानों ने ड्रिप सिंचाई प्रणाली, उर्वरक प्रबंधन तथा कीट नियंत्रण के आधुनिक तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। संवाद
इसके अलावा पॉलीहाउस निर्माण की प्रक्रिया, लागत, रख-रखाव और संबंधित सरकारी योजनाओं के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
कॉलेज अध्यक्ष अश्विनी शोरेवाला और प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान व व्यावहारिक अनुभव को समृद्ध करते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक कृषि तकनीकों को समझा और कृषि क्षेत्र में नवाचार अपनाने की प्रेरणा ली।