पूंडरी। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद जहां धन्यवाद देने और आभार जताने का सिलसिला तेज हो गया है, वहीं नेताओं ने अपने अपने क्षेत्र में हुई हार जीत की समीक्षा करनी भी शुरू कर दी है।
कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की बात करें तो यहां भाजपा प्रत्याशी नवीन जिंदल को जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। कई गांवों में विरोध का भी सामना करना पड़ा, उसके बावजूद वे इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को हराने में कामयाब रहे।
कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में पूंडरी हलके ने नवीन जिंदल की जीत में अहम भूमिका निभाई। जीत के बाद अब समीक्षा का दौर भी शुरू हो चुका है। राजनीतिक विश्लेषकों ने हलके के गांवों में खासकर कांग्रेसी नेताओं के बूथों की कुंडली भी खंगालनी शुरू कर दी है। जहां पर गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता की हार हुई और भाजपा प्रत्याशी नवीन जिंदल की जीत हुई।
हैरानी की यह बात निकलकर सामने आई है कि पूंडरी क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के अपने आपको प्रबल दावेदार मानने वाले नेताओं पूर्व सीपीएस सुलतान सिंह जड़ौला, वर्तमान विधायक रणधीर सिंह गोलन, पूर्व मंत्री नरेंद्र शर्मा, प्रदीप चौधरी व महिला नेत्री सुनीता बत्तान के स्वयं के बूथों पर कांग्रेस समर्थित आप पार्र्टी प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता की हार हुई है। यह पूंडरी क्षेत्र में चर्चा का विषय भी बनी हुई है।
गौरतलब है कि विधायक रणधीर सिंह गोलन जो कि अभी कुछ दिनों पहले भाजपा सरकार से समर्थन वापस लेकर कांग्रेस के समर्थन में आए थे और कस्बा पूंडरी से यही उम्मीद लगाई जा रही थी कि गोलन का अच्छा खासा प्रभाव पड़ने के कारण गठबंधन का प्रत्याशी भाजपा प्रत्याशी से कहीं अधिक मत हासिल करेगा।
विधायक रणधीर सिंह गोलन व प्रदीप के बूथ नंबर 108 में गठबंधन के प्रत्याशी को केवल 111 वोट ही मिल पाए और भाजपा प्रत्याशी नवीन जिंदल को 206 वोट मिले। वहीं पूर्व सीपीएस सुल्तान सिंह जड़ौला के बूथ नंबर चार पर सुशील गुप्ता को 296 और नवीन जिंदल को 346 वोट मिले।
महिला नेत्री सुनीता बत्तान के बूथ नंबर 138 से गुप्ता को 158 और जिंदल को 296 वोट मिले। इससे बड़ी हैरानी तो पूर्व मंत्री और हाल ही में आप पार्टी के सबसे प्रबल दावेदार नरेंद्र शर्मा के बूथ पर हुई जहां आप प्रत्याशी को केवल 174 वोट और जिंदल को 382 वोट मिले।
वहीं कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रत्याशी सतबीर भाणा के बूथ नंबर 180 पर गठबंधन के प्रत्याशी सुशील गुप्ता को 451 वोट हासिल हुए तो नवीन जिंदल को मात्र 64 मत ही मिले। हलकाध्यक्ष भूप सिंह सैनी के बूथ नंबर 110 पर जिंदल को 728 तो गुप्ता को मात्र 143 वोट मिले। वहीं इस बार पूंडरी हलके में 44449 वोट हासिल करने में कामयाब रहे, जबकि वर्ष 2019 में कांग्रेस को 25 हजार से भी कम मत मिले थे। संवाद