कैथल। जिलेभर में शनिवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। दहन से पहले पुलिस सुरक्षा के साये में लंकेश के पुतलों को देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। मैदान में खड़े किए गए दशानन के पुतले का विशाल आकार लोगों को रोमांचित किया। विजय दशमी के मौके पर शहर का मुख्य कार्यक्रम चंदाना गेट स्थित रामलीला मैदान में आयोजित किया गया।
यहां पर रावण सहित कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया। तीनों पुतलों का दहन महज ढाई से तीन मिनट में हो गया। इनमें रावण का पुतला महज 45 सेकेंड में जलकर धराशायी हो गया।गौरतलब है कि कैथल में 61, सीवन में 60, पूंडरी व चीका में 45-45 फीट के रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान भगवान हनुमान का स्वरूप धारण करे युवा भी वहां पहुंचे।
दशहरा मैदान के बाहर सैंकड़ों दुकानें सजाई गई थी। जहां पर महिलाओं और बच्चों ने कार्यक्रम खत्म होने से पहले जमकर खरीदारी भी की। पूरे कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्वयं शहर थाना के एसएचओ बीर सिंह ने अपनी टीम सहित स्थिति को संभाला। कार्यक्रम के अंत में समिति सदस्यों ने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
जिला व पुलिस प्रशासन की तरफ से कड़े प्रबंध किए गए थे। इसके तहत लोगों ने पुतलों का दहन कार्यक्रम 200 फीट की दूरी से देखा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस के 100 से अधिक कर्मचारी रावण के पुतले दहन के समय मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा दो दमकल विभाग की गाड़ी और दो एंबुलेंस भी तैनात की गई। कैथल दशहरा उत्सव समिति के प्रधान संदीप ने बताया कि समिति की ओर से इस वर्ष छठी बार रावण के पुतले का दहन किया। इस अवसर पर प्रधान संदीप, शशी, रजत थरेजा, अभिषेक गोयल आदि मौजूद रहे।
बनी रही जाम की स्थिति
चंदाना गेट स्थित दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम समाप्त होने के बाद करीब 40 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। चंदाना गेट से लेकर रेलवे गेट, प्रताप गेट, डोगरा गेट, भगत सिंह चौक सहित अन्य रास्तों पर वाहनों का आवागमन होने के चलते काफी भीड़ उमड़ी रही। इस भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस कर्मी भी काफी मशक्कत करते हुए दिखाई दिए।