संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रेमपुरा गांव में ग्राम सचिवालय बनाने के लिए गांव की सरपंच परविंद्र कौर एवं सरपंच प्रतिनिधि सतनाम सिंह ने अपनी जमीन से सरकार को दो कनाल जमीन दान दी है। अब इस जमीन पर 71 लाख 57 हजार रुपये से सरकार आधुनिक सचिवालय बनाएगी।
इस सचिवालय की सरपंच की सास मां प्रकाश कौर ने नींव रखी। सरपंच परविंद्र कौर ने बताया कि अब उनके गांव में दो कनाल जमीन में आधुनिक सुविधाओं से लैस ग्राम सचिवालय बनेगा। यह सचिवालय एक वर्ष में बनकर तैयार हो जाएगा।
पंचायती विभाग ने इसकी ड्राइंग तैयार कर दी है। इस सचिवालय के बनने से उनके गांव के लोगों को अपने सरकारी कामों के लिए सीवन, कैथल के सरकारी कार्यालयों में चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस सचिवालय में बैठक हाल के साथ साथ सरपंच के लिए अलग से कार्यालय भी बनाया जाएगा।
सरपंच प्रतिनिधि सतनाम सिंह ने बताया कि इस सचिवालय में सीएचसी सेंटर भी बनाया जाएगा। इसके बनने के ग्रामीणों के बिजली, पानी के बिल, आधार कार्ड बनाने, जमीन संबंधी सभी कार्य भी गांव में ही होने लगेंगे।
सचिवालय की विशेषता यह भी रहेगी कि इसमें एक आधुनिक ई-लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी ताकि गांव के छात्र छात्राएं ज्ञान प्राप्त कर सके। सचिवालय के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे ग्रामीण रणजीत सिंह, बलविंद्र पूर्व सरपंच, कुलदीप सिंह ने कहा कि इससे ग्रामीणों को फायदा होगा। इस मौके पर पंचायत विभाग के जेई सतीश सैनी, चरण सिंह, ध्यान सिंह, विक्रम सिंह एडवोकेट, कृष्ण राणा आदि भी उपस्थित रहे।