संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। थाना शहर पुलिस कैथल ने एक युवती को अमेरिका भिजवाने के नाम पर 6 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में दंपती और उसके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मायापुरी कॉलोनी कैथल की ज्योति ने शहर पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह विदेश जाना चाहती थी। इस संबंध में 14 फरवरी 2024 को उसके पिता राजेश कुमार के साथ उन्होंने गांव मानस के सुरेश कुमार, उसकी पत्नी तथा उसके बेटे दिनेश के साथ बातचीत की। तीनों ने मिलकर उसे अमेरिका भिजवाने की बात कही तथा 1650000 में उनका सौदा तय हो गया।
आरोपियों ने कहा कि उसे 6.50 लाख रुपये पहले देने होंगे व 10 लाख रुपये अमेरिका जाने के बाद देने होंगे। 15 फरवरी 2024 को सुरेश कुमार उनके घर पर आया तथा उसे कहा कि जल्द ही उनका काम बन जाएगा।
उसके पिता ने आरोपियों के खाते में 4.90 लाख भिजवा दिए। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे 140000 रुपये की राशि ले ली। बाद में आरोपियों ने उसे कहा कि उनकी राशि अंबाला के एजेंट सोनू को दी हुई है। सोनू एजेंट से काम नहीं बना इसलिए वह 10 नवंबर 2024 को उनके रुपये वापस दे देगा। जब उसके पिता तथा उसने रुपये वापस मांगे तो इन्कार कर धमकी भी दी।
जांच अधिकारी थाना शहर पर प्रभारी इंस्पेक्टर गीता ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।