संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सस्ता सोना दिलाने के नाम पर चार आरोपियों ने एक व्यक्ति से 40 लाख रुपये की ठगी की। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में पीड़ित ने न्यायपालिका का सहारा लिया था।
फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी मंदीप ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी कि सेक्टर 19 निवासी प्रेमा शंकर व उसकी पत्नी साधना हनुमान वाटिका मंदिर में पुजारी के रूप में आए थे अपने परिवार के साथ हनुमान वाटिका कैथल में एक कमरे में रहते थे। उस समय शिकायतकर्ता के पिता सतबीर किच्छाना भी एक पुजारी के रूप में काम किया करते थे। साल 2018 में आरोपी प्रेमा उनके घर आया और कहा कि हम उन्हें सस्ता सोना दिलवा देगा और यह कहकर मार्च 2018 में आरोपी ने उसके पिता से 10 लाख रुपये ले लिए।
आरोपी ने कहा कि वह नेपाल से सस्ता सोना लाकर उन्हें देगा। इसके बाद भी आरोपियों ने उनसे अलग-अलग समय में 40 लाख रुपये ले लिए। बाद में आरोपियों ने न तो सोना दिया और रुपये भी वापस नहीं दिए। 26 दिसंबर 2023 आरोपी ने उन्हें मंदिर में बुलाया जो शिव मंदिर ढांड रोड पर स्थित है, वे वहां पहुंचे तो प्रेमा, उसका बेटा अनिकेत, पत्नी साधना और प्रेमा शंकर का भाई जनार्दन वहां मिले, लेकिन आरोपियों ने पैसे वापस नहीं दिए। सात जनवरी 2024 को जवाहर पार्क में दोनों पक्षों की पंचायत भी हुई।
पंचायत में भी आरोपी रुपये देने से मना कर गए। साथ ही धमकी दी कि अगर उनके खिलाफ कोई शिकायत दर्ज कराई तो उनके परिवार को जान से मार देंगे। आरोपी साधना ने कहा कि वह शिकायतकर्ता और उसके परिवार को किसी झूठे मामले में फंसा देगी। ऐसा करके आरोपियों ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।