कैथल। चार दिवसीय खंड स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता का वीरवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन छात्रा खिलाड़ियों की एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों की खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अंतिम दिन प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी बिमला सिरोही ने किया और समापन समारोह में जाट शिक्षा समिति के प्रधान राजकुमार बेनीवाल, रश्मि ढुल और सन्नी चौशाला ने शिरकत करते हुए विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर मामचंद और रमेश चहल ने मुख्य अतिथियों, प्रतियोगिता के संयोजक कुलदीप शर्मा, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, निर्णायकों और सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास कर भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
ये रहे प्रतियोगिताओं के परिणाम...
14 वर्ष बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में लिटिल फ्लॉवर स्कूल की दीपांशी प्रथम और पूर्वी द्वितीय रहीं। 200 मीटर में आर्यवर्त स्कूल की मानवी ने पहला और राजकीय विद्यालय गुहणा की मनीषा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 400 और 600 मीटर दौड़ में राजकीय कन्या विद्यालय देवबन की कुंजन ने प्रथम स्थान हासिल किया। लंबी कूद में देवबन स्कूल की परनीत और ऊंची कूद में हिंदू गर्ल्स स्कूल की माही विजेता रहीं।
17 वर्ष बालिका वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दीवाल की हरमन ने 100 और 200 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। 400 मीटर में दीवाल की रीतिका, 800 मीटर में नेहा प्रथम रहीं, जबकि 4×100 मीटर रिले स्पर्धा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दीवाल की टीम विजेता रही।
19 वर्ष बालिका वर्ग में 100 मीटर दौड़ में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुहना की पिंकी और 200 मीटर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नोच की तन्नु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।