फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले में विदेशों से आए 115 लोगों पर सतर्कता से नजर रखे हुए है स्वास्थ्य विभाग

विज्ञापन
korona virus - फोटो : Kaithal
विज्ञापन
विश्व भर में फैले कोरोना वायरस को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। जिले में 115 लोग विदेशों से लौटे हैं। जिन पर जिले का स्वास्थ्य विभाग बारीकि से नजर रखे हुए है। वहीं एक गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्य इंग्लैंड से लौटे थे। जिन्हें परिवार की एक और महिला के साथ जिला स्वास्थ्य विभाग ने सामान्य अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में रखा है। उनके नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। हालांकि इनमें कोई व्यक्ति बीमार नहीं है। जांच के लिए खुद इन लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया था। क्योंकि वे विदेश से आए थे। जिले में अभी तक कोरोना का न तो कोई मरीज मिला और न ही एक भी व्यक्ति संदिग्ध मरीज होने तक की श्रेणी में पहुंचा है। जिला प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है और स्थिति पर नजर रखे हुए है।
विज्ञापन

वीरवार को एडीसी सत्येंद्र दुहन ने अधिकारियों की बैठक लेकर अपने-अपने विभाग के कार्यालयों को सेनेटाइज करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग ने डेंटल ओपीडी में होने वाली विशेष प्रकार की जांच को फिल्हाल स्थगित करने, इमरजेंसी ऑपरेशनों को छोड़कर शेष ऑपरेशन स्थगित करने व जितना ज्यादा से ज्यादा हो सके लोगों को दोबारा अस्पताल में न बुलाए जाने के निर्देश दिए हैं। ताकि भीड़भाड़ कम हो सके। ऐसे ही आदेश प्राइवेट अस्पतालों के लिए जारी किए गए हैं।
एडीसी ने ली बैठक: एडीसी सत्येंद्र दुहन ने कहा कि प्रशासन व समाज की सतर्कता और सांझे प्रयासों से कोरोना वायरस से बचा जा सकता है। जिला में इस तरह का कोई भी मामला सामने नही आया है, फिर भी हम सभी को इस महामारी को हराने के लिए बचाव के तरीके अपनाने होंगे। अगर हम सभी सावधानी रखेंगे तो विदेशों की तरह घरों में बंद नही होना पड़ेगा। जिले में किसी भी तरह के आयोजन करने पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि ज्यादा लोग एक जगह एकत्रित न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा लगाए जाने वाले रक्तदान शिविर इत्यादि कार्यक्रम भी 31 मार्च स्थगित किए गए हैं। समाज के सभी वर्गों का दायित्व बनता है कि कोरोना वायरस जैसी महामारी को मिलकर हराएं।
विज्ञापन

सीएमओ राकेश सहल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। चार लोगों को इस समय आइसोलेशन वार्ड में एहतियातन रखा गया है। पहले से जो व्यक्ति इस वार्ड में था, उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उसे घर भेज दिया गया है। कोई मरीज जिले में कोरोना का अभी तक नहीं मिला है। लोग केवल जागरूक होकर अपनी जिम्मेवारी निभाएं। अफवाहों से बचें। विभाग के सुझावों व निर्देशों का पालन करें। इस समय हर व्यक्ति को मॉस्क की आवश्यकता नहीं है। इसीलिए मॉस्क को लेकर परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
विशेषज्ञों के अनुसार क्या करें:
1. सभी व्यक्ति हर एक घंटे बाद हाथों को साबुन पानी से अच्छी तरह से धोते रहें।
2. समाज के जिन लोगों की शादियां निश्चित है, वे सभी 200 से ज्यादा लोगों को एकत्रित न करें व विवाह समारोहों में मुख्य गेट पर सेनेटाइजर इत्यादि की व्यवस्था रखें।
3. 31 मार्च तक सभी धामिक, राजनीतिक, सामाजिक आदि आयोजनों पर पूर्णत: प्रतिबंध रखें।
4. भीड़भाड़ वाले एरिया से दूर रहें।
5. हाथ जोड़कर अभिवादन करें।
6. अपनी रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने के लिए विटामिन सी वाले फल खूब खाएं। जैसे कि नींबू, मौसमी, आंवला, संतरा।
7. खांसते-छींकते समय टीशू पेपर या रुमाल का प्रयोग करें। या फिर कोहनी को मुंह के आगे करके छींके।
8. शरीर में किसी प्रकार के असामान्य लक्षण महसूस हों तो नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।
क्या न करें:
1. अनावश्यक वस्तुओं या जगहों या सतहों को ना छूएं।
2. अनावश्यक मॉस्क का प्रयोग ना करें।
3. अपने चेहरे, आंख, नाक, मुंह को बार-बार ना छूएं।
4. यहां-वहां न थूकें।
5. घबराएं न, न ही अफवाहों पर ध्यान दें, न अफवाहें फैलाएं।
कोई भी आयोजन नहीं होगा: कोरोना वायरस के बचाव के दृष्टिगत स्कूल, कॉलेज, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, मॉल्स, सिनेमाघर आदि को आगामी 31 मार्च तक बंद किया गया है। इसके साथ-साथ इस महामारी को हराने के लिए जिला में सभी धार्मिक आयोजनों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। इसी के दृष्टिगत आगामी 25 मार्च को माता गेट पर स्थित सूर्यकुंड मंदिर में लगने वाले मेले को भी रद्द कर दिया गया है।
अफवाह फैलाई तो होगी कार्रवाई: एडीसी सत्येंद्र दुहन ने कहा कि जिला में कोरोना वायरस का कोई भी मामला नही है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। अगर कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने का कार्य करता है तो उसके खिलाफ हरियाणा एपिडेमिक डिसीज कोविड-19 रेगुलेशन 2020 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस एक्ट के तहत अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति को 3 से 6 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अफवाह फैलाने जैसी गतिविधियों में अगर कोई व्यक्ति संलिप्त मिलता है तो उसके खिलाफ तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जाए।
पिहोवा चैत्र चौद्दस मेला रद्द: एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि कोरोना वायरस के कारण 22 मार्च से 24 मार्च 2020 तक सरस्वती तीर्थ पिहोवा जिला कुरुक्षेत्र में लगने वाला चैत्र चौद्दस का मेला रद्द कर दिया गया है।
रोडवेज व रेलवे में घटे यात्री: कोरोना के कारण बसों व रेलों में यात्रियों की संख्या घट गई है। हालांकि कैथल से रेल गाड़ियां रूटीन मेें चल रही है। वहीं रोजवेज की आगामी दो-तीन दिनों में रोडवेज बसों के फेरे भी कम होने की संभावना है। जीएम अजय गर्ग का कहना है कि सरकार के निर्देशन के बाद बसों को अच्छी तरह से सेनेटाइज किया जा रहा है। उन्होंने कहां हर रोज पैसेंजर भी कम हो रहे हैं। इससे गाड़ियों के फेरे भी कम किए जाएंगे। रेलवे स्टेशन मास्टर रणधीर सिंह ने बताया कि यात्रियों की संख्या पहले की अपेक्षा कम हो रही है। तीस प्रतिशत यात्रियों ने अपनी रिजर्वेशन कैंसिल करवाई है।
जिला नागरिक अस्पताल में भी स्थिति सामान्य: नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि अस्पताल मेें कोरोना वायरस को लेकर अलग वार्ड बनाया हुआ है। फिलहाल मरीजों की भी स्थिति सामान्य है।
सब्जी मंडी बंद होने की अफवाह के कारण उमड़ी भीड़ : दिन में यह अफवाह फैल गई कि सरकार ने सभी सब्जी मंडियों को बंद कर दिया है। जिससे शहर भर से भारी संख्या में लोग सब्जी मंडी में पहुंच गए और सब्जी खरीदना शुरू कर दिया। शाम होते-होते सब्जियों की कीमत बढ़ गई। लोग दोगुने दामों पर भी सब्जी खरीदने में जुटे रहे। मार्केटिंग बोर्ड से डीएमईओ श्योराण ने बताया कि सभी नियमित सब्जी मंडियां खुली रहेंगी। कुछ शहरों में बनाई गई अपनी सब्जी मंडियां बंद करने के सरकार ने आदेश जारी किए हैं। नियमित सब्जी मंडी पूरी तरह से खुली रहेंगी। यहां कोरोना से निपटने के लिए आवश्यक उपाए किए जाएंगे। लोग भी सब्जी मंडी में सब्जी खरीदते समय उचित दूरी बनाकर रखें।
कोरोना वायरस के चलते जिला प्रशासन की ओर से चलाए गए अभियान का असर पूंडरी में देखने को मिल रहा है। पुलिस प्रशासन कस्बे में चल रही लाइब्रेरी, जिम व अन्य भीड़-भाड़ वाली जगहों को पहले ही बंद करवा चुका है। मंदिरों, मस्जिद व अन्य धार्मिक जगहों पर किसी भी कार्यक्रम करने पर रोक लगा दी गई है। फतेहपुर स्थित माता मनसा देवी मंदिर जहां नवरात्रों के मौके पर विशाल मेला लगता है, उसे भी जिला उपायुक्त के आदेशों के बाद स्थगित कर दिया गया है। मंदिर कमेटी के प्रधान सुभाष वालिया ने बताया कि 23 मार्च से शुरू होने वाले नवरात्रों के मद्देनजर मंदिर परिसर में कोई भी दुकान, रेहड़ी, लंगर व भंडारा भी नहीं होंगे और 23 मार्च से मंदिर के कपाट भी बंद कर दिए जाएंगे।
कर्मचारियों की मीटिंग पर रोक लगाने की मांग
एचएसईबी वर्कर यूनियन के प्रधान नवरत्न राणा व सचिव संजय पिलनी ने एसडीओ सब डिवीजन नंबर दो को दिए लिखित ज्ञापन में कहा है कि कार्यालय में उपभोक्ताओं की भीड़ को देखते हुए कोई मास्क, दस्ताने व हाथ धोने के लिए किसी प्रकार की सामग्री का इंतजाम नहीं है, इसलिए कर्मचारियों को डोर टू डोर जाने व उनकी मीटिंग आदि बुलाने पर रोक लगाई जाये।
एसएमओ डा. विकास भटनागर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर जागरूकता और विशेष सतर्कता की जरूरत है। विभाग की ओर से लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में विशेष आइसोलेशन कक्षों की व्यवस्था की गई है। इस मौके सतीश टयोंठा, सीता राम डीसीईओ, जोहरा सिंह सहित कई कर्मचारी मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें