कैथल। आईजी महिला कॉलेज में आर्ट डे पर कामर्शियल आर्ट विभाग की तरफ से आयोजित तीन दिवसीय चित्रकला कार्यशाला सोमवार को समापन हुआ। इसमें छात्राओं ने सुंदर-सुंदर पेंटिंग प्रस्तुत की। बीए प्रथम वर्ष की छात्रा कोमल व महक ने प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार जीता। बीए द्वितीय वर्ष की आशा व मनीषा ने द्वितीय और बीए तृतीय वर्ष की छात्राएं मुस्कान, कोमल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधक समिति के महासचिव नरेंद्र मिगलानी व महिला महाविद्यालय समिति के संयुक्त सचिव सुरेश गुप्ता व सदस्य नरेश गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहे। कामर्शियल आर्ट की प्राध्यापिका अरुणा व सभी छात्राओं ने सभी अतिथियों का आभार जताया। कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान ाम बहादुर खुरानिया, कॉलेज की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग, संध्याकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी सुरभि शर्मा का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
कार्यशाला में कामर्शियल आर्ट विभाग की 40 छात्राओं ने भाग लिया। कार्यशाला के माध्यम से छात्राओं ने विभिन्न प्रकार की चित्रकला बनाई। इसमें मॉडर्न आर्ट पेंटिंग्स, लैंडस्केप पेंटिंग्स और भारतीय संस्कृति से संबंधित पेंटिंग बनाकर प्रस्तुत की। कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने छात्राओं के बेहतरीन कला प्रस्तुत करने पर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि ने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्राओं को 1100 रुपये, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को 500-500 रुपये नकद राशि दी।