करनाल। जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को अब महंगी दवाइयों और सर्जिकल उपकरणों पर राहत मिलेगी। शुक्रवार को अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी केंद्र शुरू हो गया। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण ने इसका उद्घाटन किया। करीब सात महीने पहले बजट में की गई घोषणा के बाद करनाल सहित प्रदेश के 16 जिला नागरिक अस्पतालों में एक साथ यह सुविधा शुरू की गई है। केंद्र पर दवाइयां, इम्प्लांट और सर्जिकल उपकरण एमआरपी से 50 प्रतिशत तक छूट पर उपलब्ध होंगे।
अमृत फार्मेसी से कैंसर, हृदय और किडनी रोगियों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है। इन बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली ब्रांडेड दवाइयां और सर्जिकल उपकरण महंगे होने के कारण मरीजों के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। अस्पताल परिसर में ही रियायती दरों पर ये सुविधाएं मिलने से मरीजों को बाहर के मेडिकल स्टोर पर निर्भरता कम होगी। केंद्र साल के 365 दिन 24 घंटे खुला रहेगा।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि अमृत फार्मेसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए राहत का माध्यम बनेगी। सरकार का प्रयास है कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ और किफायती दरों पर मिलें।
विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्ष 2026-27 के बजट में जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसी खोलने की घोषणा की थी। अब 16 जिलों में इसकी शुरुआत हुई है। शेष जिलों में भी जल्द केंद्र खोले जाएंगे।
मेयर रेनू बाला गुप्ता ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन से मरीजों को इस सुविधा की जानकारी देने की अपील की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नोडल अधिकारी डॉ. दीपक गोयल, पीएमओ डॉ. सरिता बिश्नोई, सिविल सर्जन डॉ. शशि गर्ग और एसडीएम देवेंद्र शर्मा मौजूद रहे।