सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग द्वारा नगर परिषद कार्यालय में पहले खुले दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने 208 बुजुर्गों, विकलांगों, विधवाओं व अन्य पात्र लोगों के पेंशन संबंधी आवेदन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नगर परिषद कार्यालय में किया गया। जहां आयोजन में खामियों को लेकर बुजुर्ग काफी परेशान हुए। बाद में परिषद अध्यक्ष ने कर्मचारियों को फटकार लगाकर आयोजन संबंधी खामियां दूर कराईं।
इस खुले दरबार की सूचना सभी वार्डों में दी गई थी। जिसमें बुढ़ापा पेंशन में नाम ठीक करवाने, खाता आधार कार्ड से लिंक करवाने, नई पेंशन के लिए आवेदन करने का अवसर दिया गया। सूचना अनुसार बुजुर्ग सुबह नगर परिषद कार्यालय में पहुंच गए। लेकिन वहां ना तो कोई अधिकारी मिला और ना ही कर्मचारी। बाद में जब परिषद अध्यक्ष को आयोजन को लेकर सूचना मिली तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। तब तक बुजुर्गों की संख्या काफी बढ़ गई थी। इसके बाद ही समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों के लिए कुर्सियां लगाई गईं। बाद में बुजुर्गों के लिए भी कुर्सियां लगवा दी गई और पीने के पानी का भी प्रबंध किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष ने आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों की खींचाई की। उन्होंने कहा कि परिषद की ओर से किसी को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
208 लोगों ने किए आवेदन
खुले दरबार में विभिन्न पेंशनों के 208 नए आवेदन प्राप्त किए गए। इसी कड़ी में 8 सितंबर को सुबह 10 बजे से कैथल खंड के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में खुले दरबार का आयोजन किया जाएगा। इस खुले दरबार में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सुनील कुमार दीवान भी पहुंचे थे। जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि इसमें वृद्धावस्था पेंशन के लिए 128 आवेदन, विधवा पेंशन के लिए 40 आवेदन, बेसहारा बच्चों को आर्थिक सहायता के 20 आवेदन, मंदबुद्धि बच्चों के 7 आवेदन, दिव्यांग पेंशन के 4 आवेदन तथा लाडली योजना के 5 आवेदन प्राप्त किए गए।
सभी खंडों में होगा आयोजन
खंड स्तरीय खुला दरबारों में 8 सितंबर को कैथल खंड के खंड कार्यालय, 9 सितंबर को कलायत खंड एवं नगर पालिका हेतू खंड कार्यालय, 13 सितंबर को पूंडरी स्थित खंड कार्यालय, 15 सितंबर को राजौंद खंड व नगर पालिका क्षेत्र के लिए खंड कार्यालय में, 20 सितंबर को सीवन खंड कार्यालय में तथा 22 सितंबर को गुहला खंड एवं नगर पालिका क्षेत्र के लिए खंड कार्यालय में खुले दरबारों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 4 अक्तूबर से 15 दिसंबर 2016 तक उपमंडल स्तरीय खुले दरबार आयोजित होंगे।
नगर परिषद अध्यक्ष यशपाल प्रजापति ने कहा कि यह सराहनीय प्रयास है। एक ही मंच पर बुजुर्गों सहित पेंशन ले रह लोगों की समस्याओं की सुनवाई हुई और उनकी समस्याओं का समाधान हुआ। परिषद कार्यालय में आने वाले लोगों को भविष्य में भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।