संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव खेड़ी गुलाम अली में क्लस्टर स्तर पर रोल प्ले और लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रोल प्ले प्रतियोगिता में जहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेड़ी गुलाम अली प्रथम रहा वहीं लोक नृत्य वर्ग में राजकीय मिडिल स्कूल फर्श माजरा को पहला स्थान मिला।
प्रतियोगिता में क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले स्कूलों के विद्यार्थियों ने पर्यावरण सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा, संतुलित आहार, शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा भावनात्मक संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित रोल प्ले प्रस्तुत किए। वहीं, लोक नृत्य के माध्यम से लड़के और लड़कियों को समान अवसर, तंबाकू मुक्त हरियाणा और स्वस्थ जीवन शैली जैसे सामाजिक संदेश दिए गए।
कार्यक्रम के अंत में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमों सहित सभी विजेताओं को प्रधानाचार्य हरपाल सिंह और एसएमसी उपप्रधान राज्जो देवी द्वारा मेडल देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन हिंदी प्राध्यापक सतबीर सिंह ने किया, जबकि निर्णायक मंडल की भूमिका नीलम और ममता ने निभाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य हरपाल सिंह ने की। इस अवसर पर खानपुर स्कूल की अध्यापिका कंवलजीत कौर सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।