संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नगर पालिका की ओर से कपिल मुनि तीर्थ तट व आंगन में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें नगर पालिका की सफाई टीम ने पूरे स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का कार्य किया।
सफाई कार्य की निगरानी नगर पालिका के सुपरवाइजर सोम प्रकाश शर्मा ने की। शर्मा ने कहा कि नगर पालिका सचिव के निर्देश पर सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर मंदिर परिसर, आंगन और आसपास के क्षेत्रों की सफाई करवाई। इस दौरान झाडू लगाना, कचरा उठाना, सूखे पत्तों को हटाना और जल निकासी की सफाई जैसे कार्य किए गए। मंदिर पुजारियों, पार्षद महीपाल पंवार व जगदीश रायका ने सफाई अभियान को सराहा। पुजारी संजय शास्त्री और अनिरुद्ध गौतम ने बताया कि धरोहरों पर सफाई अभियान चलाना जरूरी है। इसके माध्यम से लोगों में जागरूकता आती है। मंदिर की तरह लोग आवासीय एवं व्यवसायिक क्षेत्र को नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित होते हैं।
उन्होंने कहा कि सफाई से ही धरोहर व पर्यावरण का संरक्षण होता है। इसलिए प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। सफाई केवल एक दिन की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि यह एक निरंतर प्रक्रिया है। सभी को मिलकर इसमें भागीदारी करनी होगी। उन्होंने नगर पालिका टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान समय-समय पर होते रहने चाहिए।
इस सफाई अभियान से न केवल धार्मिक स्थल की सुंदरता बढ़ी है बल्कि श्रद्धालुओं को भी एक स्वच्छ वातावरण में पूजा करने का अवसर मिला है।