कैथल। जिले में नई बनी सीवन नगरपालिका व कलायत नगरपालिका के लिए चुनाव की आहट शुरू हो चुकी है। सीवन नगर पालिका में मतदाता घट गए हैं। पहले यहां साढ़े 24 हजार मतदाता थे लेकिन गोविंदपुरा और पोलड़ हटने के बाद मतदाताओं की संख्या करीब 19 हजार रह गई है।
चुनाव की तैयारी को लेकर शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने कलायत और सीवन नगर पालिका की वार्डबंदी कर दी है। इसके तहत कलायत में तीन वार्ड बढ़ाए गए हैं। जबकि सीवन नगरपालिका के एक वार्ड कम किया है। ग्रामीणों की मांग पर पत्र के अनुसार गोविंदपुरा और पोलड़ को नगर पालिका से निकालकर यहां पर ग्राम पंचायत बना दी गई है।
गौरतलब है करीब तीन महीने पहले ही दोनों ही गांवों के ग्रामीणों ने गुहला के विधायक ईश्वर सिंह से सीवन नगरपालिका से निकालने की मांग की थी। वार्ड बंदी को लेकर स्थानीय शहरी विभाग के आयुक्त व सचिव विकास गुप्ता की तरफ से जारी किया गया है।
सीवन में नगरपालिका भंग करने की उठ रही मांग
गौरतलब है कि जिले में कलायत और सीवन में नगरपालिका का चुनाव होना है। इसी कड़ी में सीवन नगरपालिका को भंग करने की मांग लगातार नगर के लोगों की तरफ उठाई जा रही है। इसको लेकर करीब एक महीने तक सीवन के लोगों ने धरना भी दिया था और विधायक ईश्वर सिंह के आश्वासन के बाद यह धरना समाप्त किया था। अब नगर पालिका के चुनाव की तैयारियाें के तहत स्थानीय शहरी विभाग के कार्यालय की तरफ से पत्र जारी कर वार्ड बंदी को लेकर जानकारी दी गई है।
उधर, गांव गोबिंदपुरा के पूर्व सरपंच बलदेव सिंह बल्ली ने कहा कि स्थानीय शहरी विभाग की तरफ से जो पत्र जारी किया गया है, उसमें डेरे व ढाणियों को भी नगरपालिका सीवन में शामिल किया गया है। जबकि इन्हें वापस ग्राम पंचायत की सीमा में लिया जाए।
पत्र के अनुसार पोलड़ और गोबिंदपुरा गांव को ही केवल अलग किया गया है। जबकि डेरों को भी ग्राम पंचायत में शामिल किया जाना चाहिए। इस पत्र के अनुसार 10 दिन का समय आपत्तियां दर्ज करने के लिए दिया गया है। वे आज ही यह आपत्ति दर्ज करवाएंगे। संवाद