हारदिक पांडेय के साथ कैथल के पार्थ गुप्ता।
कैथल। शहर की नहर काॅलोनी के पार्थ क्रिकेट में जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने विज्जी ट्रॉफी में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा 2022 में हरियाणा अंडर-19 वनडे ट्रॉफी और कूच बिहार ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वहीं 2022-23 में ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वह 22 वर्ष की उम्र में पार्थ हरियाणा की विभिन्न आयु वर्ग की टीमों के साथ-साथ सीनियर स्तर पर भी प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
पार्थ वत्स वर्तमान में अंबाला के एसए जैन कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहे हैं। इसके साथ ही वे शिक्षा विभाग में सहायक लिपिक (असिस्टेंट क्लर्क) के पद पर कार्यरत हैं। पढ़ाई और नौकरी के साथ क्रिकेट में संतुलन बनाना उनके समर्पण और अनुशासन को दर्शाता है। पार्थ ने क्रिकेट की शुरुआत करीब 9-10 वर्ष की उम्र में की थी। शुरुआती दौर से ही उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर कोचों और चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। आज वे हरियाणा अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर टीम (रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी) में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
पार्थ गुरुग्राम के सुल्तानपुर स्थित श्री राम नारायण क्रिकेट क्लब (एसआरएनसीसी) में अश्वनी और अनिरुद्ध सर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहां मैचों से पहले विशेष कैंप भी लगाए जाते हैं। वहीं जब वे कैथल में होते हैं, तो इंडस क्रिकेट अकादमी में विकास और सुनील के निर्देशन में नियमित अभ्यास करते हैं। पार्थ रोजाना 1-2 घंटे फिटनेस पर और 2-3 घंटे क्रिकेट अभ्यास पर ध्यान देते हैं। उनका मानना है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से ही सफलता हासिल की जा सकती है। पार्थ वत्स का सपना भारतीय टीम में जगह बनाकर देश का नाम रोशन करना है। संवाद