अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हरियाणा अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन ने ऐलान किया है कि 17 सितंबर तक यदि सरकार ने तीन अध्यादेश और मुकदमे वापिस नहीं लिए तो 18 सितंबर से हरियाणा की सभी मंडियों को बंद करके अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
यह फैसला एसोसिएशन की कैथल के फेस्टीवल होटल में प्रदेश के चेयरमैन रजनीश चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। जिसमें प्रदेश भर के सभी जिला आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान व कैथल जिले की मंडियों के प्रधान शामिल थे। बैठक तीन अध्यादेश वापिस लिए जाने के लिए बुलाई गई थी। जिसमें किसानों पर लाठीचार्ज की निंदा की गई, तीन अध्यादेशों को वापिस लिए जाने की मांग भी की गई। साथ ही लस्टर लॉस व ब्याज के आढ़तियों के करीब 160 करोड़ रुपये काटे जाने का फैसला वापिस लिए जाने की मांग उठाई गई।
ये है तीन अध्यादेशों में
तीन अध्यादेशों में सरकार मंडियों से बाहर खरीदने पर मार्केट फीस ना लिए जाने, कांट्रेक्ट फार्मिंग सहित आवश्यक वस्तुओं के स्टॉक की लिमिट को हटाने जैसे निर्णय ले रही है। जिससे पूरी व्यवस्था पूंजीपतियों के हवाले हो जाएगी। छोटा व्यापारी, किसान, आढ़ती, मजदूर व मुनीम सहित राइस मिलर्स व अन्य को नुकसान होगा।