किडनैपर ने वीडियो बनाकर युवकों के परिजनों को भेजे हैं।
- फोटो : संवाद
अमेरिका से डिपोर्ट होकर हरियाणा व पंजाब के कई युवकों को बेड़ियों व हथकड़ियों के साथ लौट चुके हैं। इसी बीच हरियाणा व पंजाब दोनों ही राज्यों से डंकी रूट के जरिये यूएस जाने का मामला फिर सामने आया है। इतना ही नहीं हरियाणा के कैथल से अमेरिका जा रहे युवक का रास्ते में अपहरण हो गया है। उसके साथ पंजाब का एक युवक भी है।
पूंडरी के मोहना गांव के युवक को विदेश में बंधक बनाया गया है। इस मामले में आरोपियों ने युवक के परिजनों को वीडियो भेजकर 20 हजार डॉलर की मांग की है। आरोपियों ने युवक को प्रताड़ित करने का वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा है। अपहरण करने के आरोपियों ने युवक को छोड़ने के एवज में परिजनों से भारतीय करंसी के लगभग पौने दो करोड़ रुपये की मांग की है। वीडियो के बाद परिजनों से एसपी से मिल युवकों के बचाव व एजेंटों पर कार्रवाई की मांग की है।
पूंडरी थाना में दी गई शिकायत में मोहना गांव निवासी कुलदीप ने बताया कि उसने अपने बेटे युवराज को अमेरिका भेजने के लिए कुछ एजेंटों से संपर्क किया था। एजेंटों ने 41 लाख रुपये में सौदा तय किया। एजेंटों ने शुरू में युवराज का पासपोर्ट ले लिया। उन्होंने कहा था कि पैसे तभी लेंगे जब युवराज अमेरिका पहुंच जाएगा, लेकिन एजेंटों ने अलग-अलग बहानों से कुलदीप से 14 लाख रुपये पहले ही ले लिए। बाद में ग्वाटेमाला में उसे बंधक बना लिया।
एजेंट बोले- हर हाल में देनी होंगे 20 हजार डॉलर
अब स्थिति यह है कि युवराज का विदेश में अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ता 20 हजार अमेरिकी डॉलर की फिरौती मांग रहे हैं। जब कुलदीप ने एजेंटों से मदद मांगी तो उन्होंने साफ कह दिया कि फिरौती की रकम देनी ही होगी। वीडियो में युवक परिजनों से गुहार लगा रहे हैं कि उनको बचाया जाए। युवक हाथ जोड़कर बचाव की मांग कर रहे हैं।
पंजाब का युवक भी साथ
हरियाणा के युवक के साथ पंजाब का एक युवक भी है। किडनैपर ने वीडियो भी जारी किया है, जिसमें मोहना निवासी युवक के साथ-साथ पंजाब के एक युवक को बैठाकर उनके परिजनों से डॉलर की मांग की गई है।
एजेंटों की हो सकती है मिलीभगत
इस मामले में कुलदीप और गांव के लोग कैथल में पुलिस अधीक्षक से मिले। उन्होंने आरोपी एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई और युवराज की सुरक्षित वापसी की मांग की है। पूरा मामला एजेंटों की मिलीभगत का लग रहा है, जिन्होंने पहले पैसे ऐंठे और फिर युवक को संकट में डाल दिया।
एजेंट हुए फरार
जिन एजेंटों ने युवक को विदेश भेजा था, वे फिलहाल फरार चल रहे हैं। पुलिस ने उनको जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। एसपी राजेश कालिया ने आश्वासन दिया कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।