हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में आयोजित स्टीलर्स कप प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ी व कोच।
कैथल। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में आयोजित हरियाणा स्टीलर्स कप-3 जोन स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमों ने भाग लिया। हिसार जोन के अंतर्गत पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, हिसार और करनाल की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में कैथल जिले के ग्योंग स्पोर्ट्स सेंटर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोन स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया।
खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, बेहतरीन टीम वर्क और अनुशासन का परिचय देते हुए दमदार प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्य स्तर पर फाइनल मुकाबलों में तीनों जोन की छह श्रेष्ठ टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
इस चरण में भी ग्योंग स्पोर्ट्स सेंटर की टीम ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और शानदार खेल के दम पर उपविजेता (रनर-अप) का खिताब अपने नाम किया। टीम की इस उपलब्धि से पूरे कैथल जिले में खुशी का माहौल है।
टीम के कोच योगेश के मार्गदर्शन और मैनेजर नीरज के कुशल प्रबंधन में खिलाड़ियों ने अनुशासित और संगठित खेल का प्रदर्शन किया। कप्तान दिनेश ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान नेतृत्व की अहम भूमिका निभाते हुए टीम का मनोबल ऊंचा बनाए रखा। टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में निकेत, लक्ष्य, चिराग, अंकुश, आर्यन, निखिल, हिमांशु, मोनू और राजेश शामिल रहे। संवाद