मैडम आप स्कूल की ड्रेस में बाजार की गलियों से निकल कर देखिए...मनचले आपको नहीं बख्शेंगे, तब पता चलेगी हमारी परेशानी। यह बात सुनकर महिला एसएचओ को छात्राओं की गंभीर पीड़ा का पता चला। दरअसल वे मंगलवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं से सीधा संवाद करने पहुंची थीं। जहां छात्राओं ने मनचलों से छेड़छाड़ की परेशानी बताई तो वे दंग रह गईं। छात्राओं ने कहा कि उनकी सुरक्षा के लिए कोई कड़े कदम नहीं उठाए जा रहे है। छात्राओं ने महिला थाना पुलिस के कर्मचारियों ने कहा कि वह भी एक दिन स्कूल की लड़कियों की वर्दी डालकर स्कूल आए तो पता चल जाएगा की आवारा युवक उनके साथ कैसे छेड़छाड़ करते हैं।
छात्राओं ने बताया सुबह घर से निकलते ही बाइक सवार युवक पीछा करना शुरू करते हैं और स्कूल तक पीछा करते हुए छोड़कर जाते हैं। वहीं स्कूल की छुट्टी होते ही वह उनको फालो करना शुरू करते हैं। पीछे से बाइक के हार्न व मोबाइल पर गाने तक लगाकर पीछा करते रहते हैं। अनेकों बार बाजार के बीच में रोक तक लते है। महिला थाना एसएचओ निर्मला ने छात्राओं के पीड़ा को समझते हुए मनचले युवकों के खिलाफ सख्ती से पेश आने के लिए कमर कस ली है। उन्होंने छात्राओं को आश्वासन दिया है कि जल्द मनचले युवकों को सबक सीखाया जाएगा। किसी भी छात्रा को अगर कोई समस्या है तो वह पुलिस के नंबर पर फोन करें। बाइक का नंबर नोट करके उनको बता दे। इसके बाद वह खुद कार्रवाई अमल में लाएगी।
छात्राएं बोली एक दिन स्कूल की वर्दी डालकर आए
छात्रा ने एसएचओ को कहा कि वे एक दिन स्कूल की वर्दी डालकर शहर की गलियों से निकल कर आएं तो उनको पता चल जाएगा की आवारा लड़के उनको कैसे छेड़ते हैं। पीछे से बाइक पर कैसे फब्तियां कसते है।