स्कूल को अपग्रेड किए जाने की मांग को लेकर गुस्साई महिलाओं ने सरकारी स्कूल वजीरनगर के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। अभिभावकों का कहना था कि जब तक स्कूल को अपग्रेड नहीं किया जाता, वह अपनी बेटियों को स्कूल में पढ़ने के लिए नहीं भेजेंगे। तालाबंदी की सूचना मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी महेश चंद्र मौके पर पहुंच गए तथा गुस्साए लोगों को समझा बुझा कर स्कूल का ताला खुलवाया। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में ग्राम सरपंच भीम सिंह, गुरमीत सिंह,रामकुमार, जसवंत, अनिल बिढाण आदी ने मांग की है कि उनके गांव के स्कूल को अपग्रेड किया जाए तथा जब तक स्कूल अपग्रेड नहीं होता, तब तक छोटी छोटी बच्चियों के लिए स्कूल में आने जाने के लिए बस की व्यवस्था की जाए। ग्राम सरपंच भीम सिंह ने बताया कि उनके गांव की आबादी करीब 5 हजार की है। उनके गांव में केवल प्राथमिक पाठशाला ही है। बच्चियों को पांच किलोमीटर की दूरी पर बसे गांव चौशाला या कैलरम में पैदल ही पढ़ने के लिए जाना पड़ता है। कहा कि कई बार रास्ते में छात्राओं के साथ बदसलूकी भी हो चुकी है। उनके गांव का स्कूल सभी नार्मस पूरे करता है तथा शिक्षा विभाग की स्कूल अपग्रेड सूची में 19वें नंबर पर अंकित है।
खंड शिक्षा अधिकारी महेश चंद्र का कहना है कि ग्रामीणों को समझा कर गेट खुलवा दिया गया है। उनकी मांग जायज है तथा स्कूल अपग्रेड होने के सभी नार्मस पूरे भी कर रहा है। उन्होंने स्कूल के अपग्रेड किये जाने संबंधित फाइल शीर्ष अधिकारियों तक पहले से ही पहुंचाई हुई है। उन्हें उम्मीद है कि छुट्टियों के समाप्त होने से पूर्व ही स्कूल अपग्रेड हो जाएगा।