छोटे शहर से निकल कर बॉलीवुड में फिल्म निर्मात्री तक का सफर तय करने वाली नेहा बंसल को सबसे कम उम्र की फिल्म प्रोड्यूसर का अवार्ड मिला है। बतौर अभिनेत्री अपने कैरियर की शुरुआत करने वाली नेहा बंसल ने को यह अवार्ड महाराष्ट्र भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हैदर आजम ने एक कार्यक्रम में दिया। इससे पहले 2014 में नेहा बंसल को लघु फिल्मों के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड भी मिल चुका है।
कैथल पहुंची नेहा बंसल ने कुरुक्षेत्र रोड पर स्थित लव डांस अकेडमी में पत्रकारों में कहा कि उसने अपने कैरियर की शुरूआत बतौर अभिनेत्री की थी। हिंदी फिल्मों के साथ-साथ वह कन्नड़ फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। लेकिन अब फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी काम शुरू कर दिया है।
उनकी पहली फिल्म क्राइम, अफेयर्स और बदलाÓ प्रदर्शन के लिए तैयार है, जो हाल ही में सेंसर हुई है। वहीं सनून (बे-इन्तहा प्यार) निर्माणाधीन है। नेहा ने बताया कि वह हरियाणा के कलाकारों के साथ अपनी कुल देवी माता बनभौरी की कहानी पर फिल्म शुरू करने जा रही हैं और इसकी शूटिंग इसी मार्च माह में शुरू होगी। इस मौके पर रोहित शर्मा, लव शर्मा, पंडित ऐमना गौड़ सहित अन्य उपस्थित थे।
स्टेशन पर सो कर काटी है रातें
नेहा बंसल ने बताया कि वह करीब 13 साल पहले घर से मात्र 100 रुपये लेकर निकलीं थी और मुंबई में बिना टिकट के पहुंची थी। वहां पर रहने के लिए कुछ न होने के कारण उसने स्टेशन पर काफी समय तक रहना पड़ा था। इसके बाद वहां पर संघर्ष करते हुए यहां तक पहुंची है।
बीए की पढ़ाई बीच में छोड़ कर चली गई थी कैरियर बनाने
नेहा ने बताया आरकेएसडी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में दाखिला लेने के बाद वह पढ़ाई बीच में छोड़कर मुंबई में चली गई। वहां पर बिना किसी मीडिया का कोर्स किए ही सलमान खान, शाहरुख खान सहित दर्जनों फिल्मी एक्ट्रेस का साक्षात्कार लिया।
मां बनभौरी से मांगी थी मन्नत
नेहा बंसल ने बताया कि उसने मुंबई में काम शुरू करने से पहले मां बनभौरी से मन्नत मांगी थी। इसके बाद से उसने सोचा कि मां की महिमा का प्रचार किया जाए। जिस पर एक जल्द ही एक फिल्म बना रहीं है। मार्च महीने में 15 दिन कैथल में इसकी शूटिंग होगी। इसके बाद मुंबई में फिल्म पूरी की जाएगी।