कैथल। अकाली दल बादल ने पंजाब में हुई श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामलों को लेकर रविवार को पश्चाताप दिवस मनाया गया। दो दिन से जारी श्री अखंड पाठ का भोग डाला गया। पश्चाताप दिवस कार्यक्रम में आयोजित पाठ में हरियाणा अकाली दल बादल के प्रधान एवं राज्यसभा सांसद बलदेव सिंह भूंदड़ सहित प्रदेश भर से अकाली नेता एवं सिख संगत ने भाग लिया।
इस मौके पर बलदेव सिंह भूंदड़ ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के 6 मामलों में से 5 मामलों में आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। एक मामले की जांच चल रही है। यह एक बड़े स्तर की गंभीर साजिश थी। जो पंजाब के अमन चैन को भंग करने का प्रयास है। साथ ही अकाली दल को तोड़ने की भी साजिश है। इस साजिश का पता लगाया जा रहा है। ये घटनाएं दोबारा ना हों। इसलिए ये पश्चाताप समागम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम आपस में ही विश्वास नहीं करेंगे और आप में लड़ते रहें तो यह समाज के लिए सही नहीं है।
‘पंजाब में अमन चाहते हैं लोग’
अकाली नेता ने कहा कि असली सिख कभी भी गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान नहीं कर सकता। पूरे पंजाब में लोग अमन शांति चाहते हेैं। पंजाब को किसी की बुरी नजर लगी है। जिस कारण ये हालात पैदा हुए हैं जल्द ही सुधर जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अकाली दल मजबूत है। आजादी के बाद से कांग्रेस के बाद अकाली दल सबसे पुरानी पार्टी है। किसी नेता के यूपी में मंत्री बन जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। जो नेता पार्टी छोड़कर गए हैं। वे वर्ष भर पहले पार्टी से जुड़े थे।
‘पंज प्यारों का गलत था फैसला’
पंज प्यारों द्वारा पांच तख्तों के सिंह साहिबान को बर्खास्त करने के फैसले को गलत बताते हुए भूंदड़ ने कहा कि इससे सिख पंथ में नई रिवायतें शुरू हो जाएंगी। यह सही नहीं है। साथ ही अमृतसर में बुलाए गए सरबत खालसा के बारे में उन्होंने कहा कि ऐसे कुछ लोग सरबत खालसा बुला रहे हैं, जो पंथ से खुद दूर रहे हैं।
पार्टी चुनाव चिह्न पर लड़ सकते हैं उम्मीदवार
अकाली नेता ने प्रदेश में किसानों के हालात पर चिंता प्रकट की। उन्होंने कहा कि कपास, धान एवं गेहूं में फसल बुरी तरह से पिटी हैं। सभी किसान यूनियन, सरकारों एवं पार्टियों के नेताओं को मिलकर किसानों की समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां अकाली दल मजबूत है। वहां पंचायती चुनाव में उम्मीदवारों को छूट दी गई है कि वे पार्टी चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ सकते हैं।
इस मौके पर पार्टी के हरियाणा के प्रधान शरण सिंह सौथा, प्रधान महासचिव सुखबीर सिंह मांडी, प्रीतम सिंह ढिल्लों, प्रेम सिंह चहल, पृथ्वी पाल सिंह झब्बर, प्रो. सुरेंद्र सिंह, सुखवंत सिंह बिल्ला फतेहाबाद, रविंद्र सिंह राणा, अजायब सिंह जींद प्रधान, गुरनाम सिंह गौराय कैथल प्रधान, गुरचरण सिंह टीवीएस, प्रकाश सिरसा, एसजीपीसी सदसय बलदेव सिंह एवं हरभजन सिंह मसाना, तेजिंद्र सिंह ढिल्लों के अलावा भारी संख्या में सिख संगत भी मौजूद थी।